Love Cocktail सच्ची प्रेम कहानी
रोमांटिक कहानियां

लव कॉकटेल: पंजाबी लेडी अफसर को कैदी से हुआ इश्क, दिल और ड्यूटी का कड़वा नशा, अवैध फोन ने खोला राज

Love Cocktail:  कहते हैं कि ‘लव’ और ‘कॉकटेल’ में एक बड़ी समानता होती है- दोनों में जब दो बिल्कुल अलग-अलग फ्लेवर मिलते हैं, तो एक ऐसा नशा तैयार होता है जो अच्छे-अच्छों का संतुलन बिगाड़ देता है। लेकिन क्या हो जब इस कॉकटेल की एक सामग्री कानून की ‘कड़क वर्दी’ हो और दूसरी सलाखों के पीछे की ‘कैदी की पोशाक’?

आज से हम एक नई सीरिज शुरू करने जा रहे है जिसका नाम है लव कॉकटेल। ‘लव कॉकटेल’ सीरीज़ की यह पहली कहानी किसी फिल्मी जैसी लग सकती है, लेकिन यह सौ फीसदी सच है।

यह कहानी है कनाडा के खूबसूरत प्रांत ब्रिटिश कोलंबिया की, जहां दिल और ड्यूटी के बीच एक ऐसा कॉकटेल बना कि उसकी कड़वाहट अदालत के कमरों तक पहुंच गई।

Love Cocktail सच्ची प्रेम कहानी
Love Cocktail रमनदीप को दो साल हाउस अरेस्ट की सजा मिली है।

Love Cocktail : वर्दी की धमक और पहला टकराव

कहानी की मुख्य किरदार है 31 साल की रमनदीप कौर। वह मूल रुप से पंजाब की है। पंजाब के खेतों और खुले आसमान की यादें समेटे रमनदीप का परिवार कनाडा के अबॉट्सफोर्ड में बस गया था। मार्च 2021 में रमनदीप कौर ने एक कड़क और जिम्मेदार नौकरी जॉइन की। वह ‘नॉर्थ फ्रेजर प्रीट्रायल सेंटर’ (एक हाई-सिक्योरिटी जेल) में बतौर ‘करेक्शनल ऑफिसर’ यानी जेल गार्ड तैनात हुईं।

शुरुआती दिनों में रमनदीप की वर्दी की कड़क और उसकी बूटों की आवाज से जेल के गलियारे गूंजते थे। लेकिन सितंबर 2021 के एक ठंडे दिन, एक बैरक के सामने रमनदीप के कदम अचानक रुक गए। सलाखों के पीछे से एक कैदी उसे ही देख रहा था- आँखों में कोई डर नहीं, बल्कि एक अजीब सी कशिश थी।

वह कैदी मुस्कुराया और बोला, “मैडम जी, इस सख्त चेहरे के पीछे एक बहुत ही नरम दिल छुपा है। इतनी बेरुखी भी अच्छी नहीं।”

रमनदीप ने अपनी डांटने वाली टोन में कहा, “अपनी हद में रहो, यहाँ अपनी जुबान चलाने की कोशिश मत करना।”

“जुबान तो बंद कर लूँगा मैडम, लेकिन इन आँखों का क्या करूँ जो आपकी शिफ्ट का इंतजार करती हैं?” कैदी ने एक गहरी नजर डालते हुए कहा।

रमनदीप बिना कुछ बोले आगे बढ़ गई, लेकिन उसके दिल की धड़कन बढ़ चुकी थी। ‘लव कॉकटेल’ में पहला पेग डाला जा चुका था।

Love Cocktail सच्ची प्रेम कहानी
Love Cocktail कनाड़ा की वह कोर्ट जिसने सजा सुनाई है।

Love Cocktail : सलाखों के बीच सुलगती बातें

धीरे-धीरे, दोनों के बीच ‘साइलेंट गपशप’ और फिर लंबी मुलाकातों का दौर शुरू हो गया। जब बाकी गार्ड्स राउंड पर नहीं होते, रमनदीप उसकी बैरक के पास आ खड़ी होती।

एक रात, ड्यूटी के दौरान रमनदीप ने चारों तरफ देखा और उसकी बैरक के पास जाकर फुसफुसाया, “तुम यहाँ किस जुर्म में हो? तुम्हारा चेहरा किसी अपराधी जैसा नहीं लगता।”

कैदी ने सलाखों के बीच से अपना हाथ रमनदीप के हाथ के करीब लाते हुए कहा, “जुर्म जो भी हो रमन, लेकिन सबसे बड़ा जुर्म तो मैंने अब किया है… एक सरकारी अफसर का दिल चुराने का।”

“शट अप!” रमनदीप ने शर्माते हुए कहा, “अगर किसी ने सुन लिया तो मेरी नौकरी चली जाएगी।”

“नौकरी तो फिर मिल जाएगी, लेकिन अगर यह आशिक हाथ से निकल गया, तो यह तन्हाई तुम्हें जीने नहीं देगी,” कैदी ने उसकी आँखों में आँखें डालकर कहा।

उस रात रमनदीप को अहसास हो गया कि वह कानून की रखवाली करते-करते खुद एक कैदी के प्यार की गिरफ्त में आ चुकी है।

Love Cocktail सच्ची प्रेम कहानी
Love Cocktail : एआई द्वारा तैयार इमेज

Love Cocktail : स्मगल हुआ दिल और ‘अवैध’ मोबाइल

जेल के ऑफिशियल फोन सिस्टम पर तो हमेशा रिकॉर्डिंग होती थी, इसलिए इस लव स्टोरी को एक ‘सीक्रेट चैनल’ की जरूरत थी। कुछ ही दिनों में न जाने कैसे, उस कैदी के पास जेल की कालकोठरी में एक अवैध आईफोन पहुंच गया।

एक शाम जब रमनदीप राउंड पर थी, तो उसने कैदी के हाथ में फोन देखा। वह चौंक गई और डरते हुए बोली, “तुम्हारे पास यह मोबाइल कहाँ से आया? तुम्हें अंदाजा है कि अगर सीनियर वॉर्डन को पता चला तो क्या होगा? मुझे अभी यह फोन जब्त करना होगा!”

कैदी ने रमनदीप का हाथ पकड़ लिया और बड़े प्यार से बोला, “जब्त करना है तो मुझे कर लो रमन। यह फोन अफसरों के लिए अवैध हो सकता है, हमारे लिए तो यह हमारी मोहब्बत का जरिया है। जब रात को तुम्हारी याद आएगी, तो मैं जेल की इन दीवारों से तो बात नहीं करूँगा न? सिर्फ तुम्हारे लिए यह खतरा मोल लिया है।”

रमनदीप का पिघला हुआ दिल कानून पर भारी पड़ गया। उसने कहा, “ठीक है, लेकिन इसे बहुत संभाल कर रखना। किसी को भनक भी नहीं लगनी चाहिए।”

अब रात के सन्नाटे में, जब पूरी जेल सो रही होती थी, तब बैरक नंबर के उस अंधेरे कोने से और ड्यूटी पर तैनात रमनदीप के फोन के बीच वाट्सएप चैट्स और वीडियो कॉल्स का सिलसिला चलता था।

“रमन, आज ब्लैक वर्दी में तुम कहर ढा रही थीं। मेरा दिल तो वहीं रुक गया था।”

 “झूठे! चुपचाप सो जाओ, कोई देख लेगा। और हाँ, कल सुबह मैं तुम्हारे लिए घर से कुछ खास बनाकर लाऊँगी।”

Love Cocktail सच्ची प्रेम कहानी
Love Cocktail एआई से तैयार इमेज

Love Cocktail : “अलर्ट! चेकिंग आने वाली है…” (द रियल थ्रिल)

इस लव स्टोरी का सबसे रोमांचक और सांसें रोक देने वाला हिस्सा तब शुरू होता, जब जेल में अचानक ‘सप्राइज रेड’ या चेकिंग होती थी।

एक दोपहर, रमनदीप ने कंट्रोल रूम में सुना कि सुपरिटेंडेंट अपनी स्पेशल टीम के साथ बैरक नंबर 4 (उसी कैदी की बैरक) की तरफ बढ़ रहे हैं। रमनदीप के हाथ-पैर ठंडे हो गए। वह लगभग दौड़ती हुई शॉर्टकट रास्ते से कैदी की सेल के पास पहुंची। उसकी सांसें फूल रही थीं।

“क्या हुआ रमन? इतनी घबराई हुई क्यों हो?” कैदी ने पूछा।

“जल्दी… अपना फोन छुपाओ! कैप्टन पूरी टीम के साथ तलाशी लेने आ रहे हैं। तुम्हारे पास सिर्फ दो मिनट हैं!” रमनदीप ने हांफते हुए कहा।

कैदी ने फौरन फोन को कमोड के पीछे एक सीक्रेट जगह पर छुपाया और कंबल ओढ़कर बैठ गया। अगले ही पल चेकिंग टीम वहां पहुंच गई।

ऑफिसर ने रमनदीप से पूछा, “गार्ड रमनदीप! इस बैरक में कोई संदिग्ध हलचल दिखी?”

रमनदीप ने अपनी आवाज को कड़क बनाते हुए झूठ बोला, “नो सर! सब कुछ पूरी तरह नियंत्रण में है। मैंने अभी-अभी चेक किया है।”

तलाशी हुई, अधिकारी खाली हाथ लौट गए। जैसे ही टीम गई, कैदी ने कंबल हटाया और रमनदीप की तरफ देखकर आंख मारते हुए बोला, “थैंक यू, माय लेडी लक! जब तक तुम इस वर्दी में हो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”

रमनदीप ने राहत की सांस ली और बोली, “तुम्हारी वजह से एक दिन मैं सलाखों के पीछे होऊँगी।” और उसकी यह बात सच होने वाली थी।

Love Cocktail : कॉकटेल का नशा उतरा: जब खुला राज

यह लुकाछिपी का खेल एक साल तक चला। लेकिन कहते हैं कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और इश्क की गंध जेल की दीवारों को पार कर ही जाती है। लगातार हो रही संदिग्ध गतिविधियों के बाद इंटरनल सिक्योरिटी की टीम ने रमनदीप पर नजर रखनी शुरू कर दी।

एक दिन, जब रमनदीप ड्यूटी खत्म करके अपनी कार की तरफ बढ़ रही थी, अचानक तीन सीनियर अफसरों ने उसे घेर लिया।

“गार्ड रमनदीप, हमें आपका फोन और आपकी अलमारी की तलाशी लेनी होगी।” ऑफिसर ने सख्त लहजे में कहा।

रमनदीप का चेहरा सफेद पड़ गया। उसने हकबकाते हुए कहा, “सर… सर, क्यों? मैंने तो कुछ नहीं किया।”

“वह तो आपके फोन के कॉल रिकॉर्ड्स और उस कैदी के सेलफोन की लोकेशन ही बताएगी,” ऑफिसर ने ठंडे स्वर में जवाब दिया।

जब जांच हुई, तो प्यार का सारा पंचनामा फाइलों में दर्ज हो गया। रमनदीप का वह कॉकटेल, जो उसने बड़े चाव से बनाया था, अब कड़वा जहर बन चुका था।

Love Cocktail सच्ची प्रेम कहानी
Love Cocktail : एआई से तैयार इमेज।

Love Cocktail : कोर्ट रूम का ड्रामा और पछतावा

मामला अदालत में पहुंचा। रमनदीप के वकील गगन नाहल ने जज के सामने हाथ जोड़ते हुए दलील दी, “हुजूर, मेरी मुवक्किल से बहुत बड़ी गलती हुई है। वह प्यार के बहकावे में आ गई थी। जब आप भरोसे के पद पर होते हैं, तो आपको उस अधिकार का सम्मान करना होता है। रमनदीप को अपनी इस भूल पर बेहद पछतावा है।”

जज दिबा माज्ज़ुब ने रमनदीप की तरफ देखा। रमनदीप की आँखों से आँसू बह रहे थे, उसकी वह कड़क वर्दी अब उतर चुकी थी और वह आम अपराधियों की तरह कटघरे में खड़ी थी।

जज ने अपना ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए कहा:

“मैं स्वीकार करता हूँ कि रमनदीप को पछतावा है। उसने अपनी गलती मान ली है। लेकिन यह कोई छोटी चूक नहीं थी। एक कैदी को अवैध फोन इस्तेमाल करने देना और उसे बार-बार बचाना… इसके जरिए रमनदीप ने जेल की सुरक्षा और वहां तैनात अपने ही साथी गार्ड्स की जान को भारी जोखिम में डाला। यह पद का घोर अपमान और विश्वासघात है।”

अदालत ने रमनदीप को 2 साल की कंडीशनल सजा* सुनाई। इसका मतलब था कि उन्हें जेल तो नहीं भेजा गया, लेकिन वह अपने ही घर में ‘नजरबंद’ (House Arrest) रहेंगी।

पंचकूला : पत्नी की सहेली से दिल लगा बैठा साफ्टवेयर इंजीनियर, वो डायरी का राज, क्या हुआ अंजाम

Love Cocktail : एक्सलैला की सीख (Xlaila’s Take)

तो मेरे प्यारे दोस्तों, कैसा लगा ‘लव कॉकटेल’ का यह थ्रिलर फ्लेवर? इस सच्ची कहानी ने साबित कर दिया कि प्यार सिर्फ अंधा नहीं होता, बल्कि कभी-कभी यह कानून की आंखों पर भी पट्टी बांध देता है। रमनदीप ने जिस कैदी के लिए अपना शानदार करियर, अपनी इज्जत और अपने देश का कानून दांव पर लगा दिया, आज वह अपने ही घर में कैद है।

पैर में एंकल ट्रैकर लगा है, और वह बिना मर्जी के घर से बाहर पैर भी नहीं रख सकती। वहीं वह कैदी? वह शायद जेल की किसी दूसरी बैरक में किसी नई लेडी गार्ड के आने का इंतजार कर रहा होगा!

इसलिए एक्सलैला कहती है- दिल का कॉकटेल जरूर बनाइए, लेकिन उसमें ‘अक्ल’ का थोड़ा सोडा मिलाना कभी मत भूलिए, वरना अंजाम रमनदीप जैसा भी हो सकता है।

आप इस अनोखी लव स्टोरी के बारे में क्या सोचते हैं? क्या रमनदीप का प्यार सच्चा था या वह सिर्फ एक शातिर अपराधी के हाथों इस्तेमाल हुई? अपने इस पसंदीदा ब्लॉग को शेयर करना न भूलें! Love Cocktail

Gurugram Nightstyle: साइबर सिटी की वो जगह, जहां रौनक कभी कम नहीं होती, लव कपल के लिए बेस्ट

Xlaila Editor
महेश कांत (Xlaila Editor) पिछले 15 वर्षों से डिजिटल मीडिया से जुडे़ हैं। अमर उजाला और दैनिक जागरण जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं देने के बाद, वर्तमान में वह एक बड़े मीडिया घराने में बतौर चीफ सब एडिटर (डिजिटल) कार्यरत हैं। खबरों के साथ-साथ दिल को छू लेने वाली कहानियों और जज्बातों को पन्नों पर उतारना उनका पैशन है, और अपने ब्लॉग xlaila पर कहानियों को जीवंत करना उनका हुनर है।
https://xlaila.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *