Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
आर्टिकल

प्यार का पंचनामा: हरियाणा में वफादारी के 7 फेरे, बेवफाई की नहर, 49 कॉल्स का वो कातिल राज!

Pyar Ka Panchnama: कहते हैं शादियां स्वर्ग में तय होती हैं। दो अनजान लोग मिलते हैं, सात फेरे लेते हैं, अग्नि को साक्षी मानकर जनम-जनम साथ निभाने की कसमें खाते हैं और एक नए सफर पर निकल पड़ते हैं। लेकिन जरा रुकिए! आज का पंचनामा उस स्वर्ग वाली शादी का नहीं है।

आज का पंचनामा हरियाणा के रेवाड़ी से आई उस खौफनाक हकीकत का है, जिसे सुनकर आपके पैरों तले की जमीन खिसक जाएगी। यह कहानी है 21 साल के एक सीधे-साधे लड़के ‘मोनू’ की, जिसने अपनी जिंदगी में रोमांस की उम्मीद की थी, लेकिन उसे क्या पता था कि जिसे वह अपनी ‘दुल्हन’ बनाकर घर लाया है, वह उसके लिए मौत का वारंट तैयार कर रही है।

आइए, सिलसिलेवार तरीके से इस पूरे ‘प्यार के पंचनामे’ का पोस्टमार्टम करते हैं और देखते हैं कि कैसे एक मॉडर्न लव-अफेयर, वफादारी की बलि चढ़ाकर एक खूनी साजिश में बदल गया।

Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
Pyar Ka Panchnama | मोनू और तन्नू की शादी की फोटो

Pyar Ka Panchnama: सैलरी के पैसे और ‘पेट दर्द’ का वो बहाना

कहानी की शुरुआत होती है रेवाड़ी के एक छोटे से गांव ‘ढाणी जड़थल’ से। यहां रहता था 21 साल का मोनू। दो बहनों का इकलौता भाई। परिवार की माली हालत अच्छी नहीं थी, इसलिए मोनू ने ख्वाब देखने की उम्र में ही जिम्मेदारियों का बोझ अपने कंधों पर उठा लिया। 12वीं पास की और सीधे राजस्थान के खुशखेड़ा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी पकड़ ली। लड़का सीधा था, मेहनती था, और अपने परिवार का इकलौता सहारा था।

करीब तीन साल पहले मोनू की शादी हुई ‘तन्नू’ से। मोनू ने सोचा होगा कि अब जिंदगी पटरी पर आ जाएगी। लेकिन मैडम तन्नू के इरादे कुछ और ही थे। शादी के तीन साल बीत गए, लेकिन वह केवल तीन बार ही अपनी ससुराल आई। इसी साल 20 अप्रैल को वह पहली बार ससुराल आई, 3-4 दिन रही और वापस चली गई। फिर 1 मई को आई और 16 मई को फिर मायके (कसोली) उड़ गई।

अब जरा टाइमलाइन को ध्यान से समझिए। 7 जून को मोनू को अपनी पत्नी तन्नू को लेने उसके मायके जाना था। लेकिन कंपनी से सैलरी एक दिन लेट मिली। 8 जून को जैसे ही मोनू को सैलरी मिली, वह भागा-भागा सीएससी (Common Service Centre) गया, वहां से पैसे निकलवाए। क्यों? क्योंकि मैडम तन्नू ने शर्त रखी थी कि जब आना, तो ‘सैलरी के पैसे साथ लेकर आना’।

8 जून की शाम 4 बजे मोनू अपनी शिफ्ट पूरी करके घर लौटा। उसके दिल में पत्नी से मिलने की बेताबी थी, लेकिन दिमाग में चल रही थी एक अजीब सी कशमकश। उसने घर पर अपने माता-पिता से कहा कि उसके पेट में तेज दर्द हो रहा है, वह डॉक्टर से दवा लेने जा रहा है।

पिता ने कहा कि ‘बेटा, मैं भी साथ चलता हूँ,’ लेकिन मोनू ने मना कर दिया। वह अपनी स्कूटी उठाकर घर से निकल गया। घरवाले सोच रहे थे कि बेटा दवाई लेने गया है, लेकिन वो सीधा अपनी मौत के जाल की तरफ बढ़ रहा था, जिसे खुद उसकी पत्नी ने बुना था।

Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
Pyar Ka Panchnama | मोनू और तन्नू की शादी की फोटो

Pyar Ka Panchnama: आशिक, साजिश और आसलवास नहर का वो ‘इत्तेफाकिया’ जाल

अब एंट्री होती है इस कहानी के विलेन की- ‘सोनू’, जो मुंडनवास का रहने वाला था। तन्नू का पुराना प्यार, उसका प्रेमी। तन्नू शादीशुदा जरूर थी, लेकिन उसका दिल और दिमाग पूरी तरह से सोनू के पास गिरवी रखा था।

मोनू को इन दोनों के नाजायज ताल्लुकात की भनक लग चुकी थी। उसने विरोध भी किया था। और भाई साहब, यही मोनू की सबसे बड़ी गलती बन गई। जब पति रास्ते का रोड़ा बनने लगा, तो तन्नू और सोनू ने मिलकर वो स्क्रिप्ट लिखी, जिसे सोचकर भी रूह कांप जाए।

8 जून की उसी शाम, तन्नू ने फोन करके मोनू को कसौला क्षेत्र में मिलने बुलाया। मोनू अपनी जेब में मेहनत की सैलरी और दिल में मोहब्बत लेकर वहां पहुंचा। लेकिन वहां उसका इंतजार तन्नू नहीं, बल्कि मौत कर रही थी।

वहां पहले से ही घात लगाकर बैठा था तन्नू का प्रेमी सोनू और उसके दो दोस्त—हरिओम और अमन। जैसे ही मोनू वहां पहुंचा, इन तीनों भेड़ियों ने उसे दबोच लिया। मोनू संभल पाता, उससे पहले ही उन्होंने उसका मुंह और नाक कसकर दबा दिया। मोनू तड़पता रहा, सांसों के लिए भीख मांगता रहा, लेकिन कातिलों के हाथ नहीं कांपे। उन्होंने उसका मुंह तब तक दबाए रखा, जब तक कि वह पूरी तरह बेसुध नहीं हो गया।

जब मोनू हिलना-डुलना बंद हो गया, तो कातिलों ने अपने मास्टरप्लान का दूसरा हिस्सा लागू किया। उन्होंने मोनू को जिंदा (या अधमरी हालत में) ही पास की आसलवास नहर में फेंक दिया। क्यों? ताकि जब पुलिस को लाश मिले, तो पोस्टमार्टम में आए कि मौत पानी में डूबने से हुई है। इतना ही नहीं, उन्होंने मोनू की स्कूटी को भी नहर के किनारे बड़े सलीके से खड़ा कर दिया, ताकि दुनिया को लगे कि यह या तो नहाते वक्त पैर फिसलने का हादसा है, या फिर लड़के ने सुसाइड किया है।

Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
Pyar Ka Panchnama | मोनू और तन्नू की फोटो

Pyar Ka Panchnama: मगरमच्छ के आंसू और ‘परफेक्ट’ बहू का वो ढोंग

9 जून की सुबह हो गई। मोनू रातभर घर नहीं लौटा था। परेशान परिवार ने सुबह-सुबह बहू तन्नू को फोन घुमाया कि ‘बहू, क्या मोनू वहां आया है? क्या तुम्हारी बात हुई?’ तन्नू ने बड़ी मासूमियत से कहा, “नहीं पापा जी, मेरी तो कोई बात नहीं हुई, वो यहाँ नहीं आया।” घबराए परिवार ने कसौला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।

अगले दिन, यानी 10 जून को वही हुआ जो कातिलों ने सोचा था। आसलवास नहर में एक युवक की लाश तैरती हुई मिली। शिनाख्त हुई- वह 21 साल का मोनू ही था। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था, स्कूटी किनारे खड़ी थी।

पुलिस ने अपनी थ्योरी दी- “या तो लड़का नहाते हुए डूब गया, या सुसाइड कर लिया।” बेबस परिवार के पास पुलिस की इस बात को मानने के अलावा कोई चारा नहीं था। पुलिस ने धारा 174 के तहत इत्तेफाकिया कार्रवाई (Accidental Death) की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

इसके बाद शुरू हुआ तन्नू का असली ‘थिएटर’। जैसे ही मोनू की मौत की खबर आई, तन्नू अपने माता-पिता और भाई के साथ सीधे ससुराल जड़थल पहुंच गई। आंखों में गंगा-जमुना बह रही थीं। जो लड़की शादी के 3 साल में केवल 3 बार ससुराल आई थी, वह अब गम में डूबी एक आदर्श विधवा बहू का रोल प्ले कर रही थी।

अंतिम संस्कार से लेकर रस्म क्रिया के दिन पूरे होने तक, वह वहीं रही। उसने अपनी मां को भी साथ रख लिया, भाई और पिता का भी रोज आना-जाना लगा रहा। चेहरे पर पति को खोने का ऐसा दर्द था कि कोई फरिश्ता भी उस पर शक न कर पाए। वह सात दिनों तक परिवार के साथ बैठकर आंसू बहाती रही, रस्में निभाती रही। वह सोच रही थी कि उसने ‘परफेक्ट मर्डर’ को अंजाम दे दिया है और अब वह आजाद है।

Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
Pyar Ka Panchnama | मोनू का फाइल फोटो।

Pyar Ka Panchnama: वो एक गलती… डिलीट डेटा और 49 कॉल्स का ब्लास्ट!

लेकिन कहते हैं ना कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, वह कोई न कोई सुराग जरूर छोड़ जाता है। इस ‘प्यार के पंचनामे’ का सबसे बड़ा ट्विस्ट आना अभी बाकी था।

11 जून को पुलिस ने मोनू की स्कूटी से मिला उसका मोबाइल फोन परिवार को सौंप दिया। लेकिन जब परिवार ने फोन खोला, तो देखा कि उसका सारा डेटा- चैट्स, कॉल लॉग्स, सब कुछ डिलीट था! यहीं पर परिवार के कान खड़े हो गए। अगर मोनू ने सुसाइड किया था या वह दुर्घटनावश डूबा था, तो वह मरने से पहले अपने फोन का सारा डेटा डिलीट क्यों करेगा?

परिवार ने हार नहीं मानी। बेटे को खो चुके माता-पिता ने साइबर एक्सपर्ट्स की मदद ली और मोनू के फोन का डिलीटेड डेटा रिकवर करवा लिया। और जैसे ही डेटा स्क्रीन पर फ्लैश हुआ, परिवार के पैरों तले से जमीन खिसक गई।

Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
Pyar Ka Panchnama | तन्नू अब जेल में है।

खिलासा नंबर 1: फोन में तन्नू और मोनू के बीच की आखिरी चैट मौजूद थी, जिसमें तन्नू ने उसे सैलरी के पैसे लेकर आने को कहा था।

खुलासा नंबर 2: सबसे चौंकाने वाली बात- 8 जून को, यानी जिस दिन मोनू गायब हुआ था, उस अकेले दिन मोनू ने तन्नू के नंबर पर 49 बार कॉल किया था! और उन 49 कॉल्स में से केवल एक बार उनकी 3 मिनट बात हुई थी।

सोचिए, जो लड़की कह रही थी कि उसकी मोनू से कोई बात ही नहीं हुई, उसके और मोनू के बीच 49 कॉल्स का कनेक्शन था! परिवार का शक अब यकीन में बदल चुका था। लेकिन वे भी समझदार थे। उन्होंने बेटे की रस्म क्रिया के दिन पूरे होने तक अपने चेहरे पर कोई भाव नहीं आने दिया। बहू तन्नू को भनक तक नहीं लगने दी कि उसका पासा पलट चुका है।

Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
Pyar Ka Panchnama | जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

Pyar Ka Panchnama: पुलिस की सुस्ती, एसपी की एंट्री और क्लाइमेक्स!

रस्म क्रिया के दिन पूरे होते ही, परिवार ने यह सारा रिकवर डेटा उठाया और पुलिस के पास पहुंच गया। उन्होंने साफ कहा कि यह हादसा नहीं, मर्डर है और बहू तन्नू इसमें शामिल है। लेकिन हमारी व्यवस्था का ढर्रा तो आप जानते ही हैं। पुलिस, जो पहले ही इसे ‘डूबने का केस’ मानकर फाइल बंद कर चुकी थी, उसने शुरू में इस डेटा को गंभीरता से नहीं लिया।

न्याय के लिए तड़प रहा परिवार थका नहीं। वे पहले 21 जून को और फिर 30 जून को डीएसपी से मिले। जब वहां भी बात नहीं बनी, तो 2 जुलाई को वे सीधे रेवाड़ी के एसपी (Superintendent of Police) के सामने पेश हुए और सारा सच उनके सामने रख दिया। एसपी के दखल के बाद पुलिस एक्शन में आई। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कमान संभाली और तन्नू को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ शुरू की।

जब पुलिसिया अंदाज में पूछताछ हुई, तो तन्नू का वो ‘मासूम बहू’ का मुखौटा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। उसने रोते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि कैसे उसने अपने प्रेमी सोनू, और उसके साथियों हरिओम और अमन के साथ मिलकर मोनू को मौत के घाट उतारा था। उसने यह भी माना कि जब मोनू लापता था और उसके पिता फोन कर रहे थे, तब तन्नू के पिता ने झूठ बोला था कि मोनू किसी दोस्त के साथ बाहर घूमने गया है।

लव कॉकटेल: पंजाबी लेडी अफसर को कैदी से हुआ इश्क, दिल और ड्यूटी का कड़वा नशा, अवैध फोन ने खोला राज

Pyar Ka Panchnama: जब प्यार बन जाए ‘पॉइज़न’

फिलहाल, पुलिस ने मास्टरमाइंड पत्नी तन्नू और प्रेमी के साथी हरिओम को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है ताकि वारदात के बाकी सबूत और कड़ियां जोड़ी जा सकें। मुख्य आरोपी सोनू और उसका दूसरा साथी अमन अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।

Pyar Ka Panchnama | सच्ची प्रेम कहानी
Pyar Ka Panchnama | रेवाड़ी पुलिस की गिरफ्त में तन्नू और उसका प्रेमी।

Pyar Ka Panchnama क्या सबक मिलता है?

सबक यह मिलता है कि जब प्यार अंधा और हवस से भरा हो जाए, तो वह ‘पॉइज़न’ (जहर) बन जाता है। मोनू, जो अपनी बूढ़ी मां का सहारा था, दो बहनों का इकलौता भाई था, जिसने अपनी खुशियों को मारकर जिम्मेदारी चुनी थी, वह सिर्फ इसलिए मार दिया गया क्योंकि उसने एक फरेबी औरत से वफादारी की उम्मीद की थी।

तन्नू ने सोचा था कि लाश को नहर में फेंककर और अंतिम संस्कार में दो बूंद आंसू बहाकर वह बच निकलेगी। लेकिन वह भूल गई कि कानून के हाथ लंबे भले ही देर से हों, पर जब वे गिरबां पर पड़ते हैं, तो बड़े से बड़े शातिर कातिल का भी ‘पंचनामा’ हो जाता है।

मोनू तो चला गया, लेकिन पीछे छोड़ गया एक तबाह परिवार और सोशल मीडिया के दौर में ‘प्यार और भरोसे’ पर लगा एक बहुत बड़ा सवालिया निशान! Pyar Ka Panchnama

रोजाना लेटेस्ट रोमांटिक कहानी, रियल लव स्टोरी और प्यार का पंचनामा पढ़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज को फॉलो/लाइक करें।
यदि आप अपने मोबाइल पर रोजाना लेटेस्ट रोमांटिक कहानी, सच्ची प्रेम कहानी चाहते हैं तो हमारे व्हाटसएप चैनल को फॉलो करें।

Xlaila Editor
महेश कांत (Xlaila Editor) पिछले 15 वर्षों से डिजिटल मीडिया से जुडे़ हैं। अमर उजाला और दैनिक जागरण जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं देने के बाद, वर्तमान में वह एक बड़े मीडिया घराने में बतौर चीफ सब एडिटर (डिजिटल) कार्यरत हैं। खबरों के साथ-साथ दिल को छू लेने वाली कहानियों और जज्बातों को पन्नों पर उतारना उनका पैशन है, और अपने ब्लॉग xlaila पर कहानियों को जीवंत करना उनका हुनर है।
https://xlaila.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *